मोतिहारी में एनसीबी ने मादक पदार्थ के बड़े तस्कर सिंडीकेट का किया खुलासा,भारी मात्रा में कैश व डोडा बरामद
-दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण,31 मई (हि.स.)।
जिला मुख्यालय मोतिहारी शहर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने नगर थाना की पुलिस के सहयोग से मादक पदार्थ के बड़े तस्कर गिरोह का खुलासा किया है।
संयुक्त टीम ने इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से करीब 70 लाख रुपये से अधिक नकद राशि, एक नोट गिनने की मशीन और लगभग 400 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया है।
दरअसल एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि पीपरा थाना क्षेत्र के स्थायी निवासी वर्तमान में नगर थाना क्षेत्र के मिस्काॅट मुहल्ला निवासी किराना व्यवसायी पप्पू प्रसाद अपनी किराना दुकान की आड़ में डोडा का अवैध कारोबार चला रहा है।
इस सूचना के आधार पर बीते कुछ दिनो से एनसीबी की टीम ने रेकी शुरू की। रेकी के दौरान मादक पदार्थ के कारोबार की पुष्टि होने के बाद नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर कारोबारी के हिन्दी बाजार के पानी टंकी,चांदमारी व जानपुल सहित कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान सामने आया कि आरोपी पप्पू प्रसाद इस कारोबार का संचालन अपने निजी मकान के बजाय किराये के घर से कर रहा था।मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी पप्पू प्रसाद का मुजफ्फरपुर-मोतीपुर रोड पर 'मोगा ढाबा' नाम से एक प्रतिष्ठान भी है। कारोबारी इस ढाबे से डोडा की सप्लाई ट्रक चालकों के माध्यम से देश के अन्य राज्यो तक कर रहा था।जिसकी जांच एनसीबी की टीम ने शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एनसीबी व पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस सिंडीकेट से जुड़े अन्य लोगो का पता चल सके। अधिकारियों ने बताया है कि मामले की जांच चल रही है,जांच पूरी होने के बाद और अधिक विस्तृत जानकारी दी जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

