home page

रामा रोड हत्या का मामला सुलझा: भाई और भाभी ने की थी अमित की हत्या

 | 
रामा रोड हत्या का मामला सुलझा: भाई और भाभी ने की थी अमित की हत्या


नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। पश्चिमी जिले की मोती नगर थाना पुलिस ने रामा रोड स्थित फैक्टरी के बाहर मिले अज्ञात शव के हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक के सगे भाई और भाभी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद इस हत्या के मामले को सुलझाया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी गोपाल (32) और उसकी पत्नी सोमा उर्फ सीमा (35) के रूप में हुई है। दोनों को 15 जून को रामा रोड स्थित शिव बस्ती की खड्डेवाली झुग्गी के पास रेलवे लाइन के नजदीक से गिरफ्तार किया गया।

पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने मंगलवार को बताया कि , चार अप्रैल को रामा रोड स्थित एक फैक्टरी के बाहर सफेद रंग का एक संदिग्ध प्लास्टिक का बोरा मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खोला तो उसके अंदर दो गद्दों और दो कंबलों में लिपटा 40 से 42 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। शव के दोनों पैर मोबाइल चार्जर की केबल से बंधे हुए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट और गला दबाने के निशान मिले। हायॉइड हड्डी टूटने की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने मौत का कारण सिर पर वार और गला दबाकर हत्या बताया।

शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में 200 से अधिक ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किए और 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक ई-कार्ट संदिग्ध मिली, जिसके चालक कासिम से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर दो मजदूरों की पहचान हुई, जिन्होंने बताया कि उन्हें लोनी के इंद्रापुरी स्थित एक मकान से गद्दे और कंबल शिफ्ट करने के लिए बुलाया गया था। पुलिस टीम ने जब लोनी स्थित मकान की फॉरेंसिक जांच कराई तो वहां से खून से सने नमूने बरामद हुए। मृतक के हाथ पर 'अमित-किरण' का टैटू मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान अमित कुमार के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपित गोपाल मृतक अमित का सगा भाई है। वारदात के बाद गोपाल और उसकी पत्नी किराये का मकान खाली कर फरार हो गए थे। पुलिस ने सीडीआर, आईएमईआई ट्रैकिंग और आधार डाटा की मदद से गाजियाबाद, पलवल, कैथल, नजफगढ़, हाथरस, एटा और पश्चिम बंगाल के हुगली में छापेमारी की। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपितों को आखिरकार स्थानीय खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह, वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य साक्ष्यों को जुटाने के लिए जांच जारी है। आरोपित गोपाल को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि सोमा उर्फ सीमा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी