मोती नगर में प्लास्टिक बैग में मिली लाश
नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक फैक्ट्री के बाहर प्लास्टिक बैग में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि रामा रोड स्थित प्रेम नगर फाटक के पास एक फैक्ट्री के सामने संदिग्ध बैग पड़ा हुआ है, जिससे बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग मिला, जिसे सफेद रस्सी से बांधा गया था और उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी। कॉल करने वाले शंकर, जो फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड हैं, ने पुलिस को बताया कि वह 3 अप्रैल की रात मच्छरों के कारण कहीं और सोने चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे जब वापस लौटे तो उन्हें फैक्ट्री गेट के पास यह संदिग्ध बैग दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
क्राइम टीम ने मौके पर बैग खोलकर देखा तो उसमें करीब 40 वर्षीय एक पुरुष का शव था, जो सड़ी-गली अवस्था में था। मृतक ने जींस और फुल स्लीव शर्ट पहन रखी थी। उसके चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी, जबकि शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस फिलहाल शव की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को यहां कब और कौन छोड़कर गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

