home page

बेटे ने मां की चाकू से हत्या की, आरोपी फरार

 | 
बेटे ने मां की चाकू से हत्या की, आरोपी फरार


जयपुर, 27 जून (हि.स.)। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के बुंदू विहार इलाके में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना में बेटे ने अपनी ही मां की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एडिशनल डीसीपी (पूर्व) आलोक सिंघल ने बताया कि मृतका की पहचान पन्नी देवी (55) पत्नी हजारी लाल बैरवा, निवासी गंगापुर सिटी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जयपुर के बुंदू विहार क्षेत्र में अपने तीन बेटों तेजराम बैरवा, हरकेश बैरवा और अनिल के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। प्रारंभिक जांच के अनुसार शनिवार सुबह दोनों बड़े बेटे तेजराम और हरकेश मजदूरी के लिए घर से निकल गए थे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे छोटे बेटे अनिल ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। करीब एक घंटे बाद महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार मृतका के माथे और बाईं आंख के नीचे चाकू के गहरे घाव मिले हैं। इसके अलावा सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की भी आशंका है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वारदात से पहले पन्नी देवी ने अपने भांजे को फोन कर रोते हुए कहा था कि उनका छोटा बेटा अनिल उन्हें मकान में बंद कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां महिला मृत अवस्था में मिली।

परिजनों के अनुसार आरोपी अनिल नशे का आदी है और पिछले दो दिनों से घर में तनाव का माहौल था। उसे समझाने और उसकी स्थिति सुधारने के लिए झाड़-फूंक भी करवाई गई थी, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। वारदात के बाद आरोपी अनिल फरार है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश