जमीन बेचने की बात से नाराज बेटे ने की थी मां की हत्या, आराेपित गिरफ्तार
हमीरपुर, 13 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र स्थित चंदपुरवा बुजुर्ग मेंं वृद्ध मां की सब्बल मार कर हत्या करने वाले पुत्र को पुलिस ने आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार किया है।आराेप है कि महिला ने जमीन बेच दिया था, जिससे उसका बेटा नाराज चल रहा था। मृतका की पुत्री ने भाई के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। रविवार को पुलिस ने हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के चंदपुरवा बुजुर्ग निवासी आनंदी यादव उर्फ जुल्ली ने शनिवार की रात घर के बाहर बैठी अपनी मां को पीटते हुए अंदर ले गया और दरवाजा बंद करके सिर में सब्बल मारकर हत्या कर दी। मां की हत्या करने के बाद करीब चार घंटे तक उसके शव के पास ही बैठा रहा। मीडिया की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर हत्यारोपी को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने रविवार को बताया कि मृतका रामश्री की विवाहिता पुत्री सखीरानी ने भाई के खिलाफ मां की हत्या का प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपित से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल सब्बल को बरामद करके उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि इसके पूर्व हत्यारोपी ने भाई चुक्खी को भी मौत के घाट उतार चुका है। इसके खिलाफ थाने में सात अपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्यारोपी मां के जमीन बेचने से मना कर देने से नाराज था।----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

