प्रेमी भांजे के कहने पर कीटनाशक रोटी खिलाकर सास को मारने वाली बहू गिरफ्तार
लखनऊ, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में रोटी में कीटनाशक दवा देकर सास को मारने वाली बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
काकोरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज गांव में रहने वाली शांति देवी (65) की तबीयत बिगड़ने पर पांच अप्रैल की रात अस्पताल ले जाया गया। छह अप्रैल को उनकी मौत हो गई। सात अप्रैल को शव को दफना दिया गया। अचानक स्वस्थ मां की मौत की बात बेटे मनोज को अखरने लगी तो उसने डॉक्टर से पूछा। डॉक्टर ने मनोज को बताया कि मरने से पहले शांति देवी ने बताया था कि उसने रोटी खाई थी। इसके बाद मनोज घर आया और पत्नी शालिनी से पूछा तो वह गुमराह करने लगी। उसे शक हुआ और उस पर नजर रखने लगा। इसी बीच सात अप्रैल को उसे रोटियां मौरंग में दबी मिली। इसके बाद मनोज ने सख्ती से पत्नी शालिनी से पूछताछ शुरू कर दी। शालिनी ने स्वीकारा कि उसने भांजे करन के कहने पर मां को कीटनाशल रोटियां खिलाई थी। शालिनी ने कहा कि भांजे करन से उसका प्रेम संबंध चल रहा है। सास के विरोध करने पर योजना के तहत उन्हें रास्ते से हटाया गया।
पुलिस उपायुक्त अपराध कमलेश दीक्षित ने मंगलवार काे बताया कि मनोज ने थाना में तहरीर दिया कि उसकी पत्नी शालिनी ने कीटनाशक रोटियां खिलाकर उसकी मां शांति देवी को मारा डाला है। पहले इसकी जानकारी नहीं होने के कारण शव को दफना दिया गया था। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कानूनी कार्रवाई की। 12 अप्रैल को शव को निकालकर पोस्टमार्टम भेजा गया। 13 अप्रैल को सास की हत्या के आरोप में बहू शालिनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्हाेंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

