भाइयों के विवाद में बीच-बचाव कराने पहुंची मां की लाठी लगने से मौत
बाराबंकी, 16 सितंबर (हि.स.)। बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हक्काबाद मजरे खींझना में बुधवार दोपहर दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। दोनों के बीच मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी 65 वर्षीय मां लज्जावती के सिर या शरीर पर लाठी लग गई। गंभीर रूप से घायल महिला को स्वजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, हक्काबाद मजरे खींझना गांव में बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों भाई एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। इसी दौरान लाठियां चलने लगीं। शोर सुनकर उनकी मां लज्जावती दोनों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए पहुंचीं। इसी बीच उन्हें लाठी लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
लज्जावती की हालत गंभीर देख स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर बड्डूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी मनोज सोनकर ने बताया कि दो भाइयों के बीच हुए विवाद में उनकी मां की मौत हुई है। विवाद की वास्तविक वजह और महिला को चोट लगने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

