home page

मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, 12 वर्षीय बच्ची की मौत

 | 
मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, 12 वर्षीय बच्ची की मौत


प्रतापगढ़, 29 मई (हि.स.)। जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अज्ञात हमलावर ने घर के बाहर सो रही मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।

देवगढ़ थाना अधिकारी नगजी राम ने बताया कि महिला (40) अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ गुरुवार रात घर के बाहर खाट पर सो रही थी। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

बताया जा रहा है कि महिला का पति और बेटा मजदूरी के लिए राजसमंद गए हुए थे। घर में केवल महिला और उसकी दो बेटियां थीं। 15 वर्षीय दूसरी बेटी उस रात पड़ोस में रिश्तेदारों के घर सोने चली गई थी। शुक्रवार सुबह जब वह घर लौटी तो मां और बहन को खून से लथपथ हालत में देखकर उसके होश उड़ गए।

इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम सुबह मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद महिला का पति और बेटा भी उदयपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित