home page

यमुना में बेटी को फेंकने वाली मां गिरफ्तार

 | 
यमुना में बेटी को फेंकने वाली मां गिरफ्तार


48 घंटे बाद भी मासूम का शव बरामद नहीं

बांदा, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मरका थाना क्षेत्र में एक मां ने घरेलू कलह के चलते अपनी ही 05 वर्षीय मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया था। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्ची का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस ने आरोपित मां को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नदी में तलाश अभियान लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, उसरा गांव निवासी रुबीना (25 वर्ष), पत्नी राजू, शुक्रवार दोपहर पति से विवाद के बाद अपनी बेटी पिंकी को साथ लेकर घर से निकली थी। बाल कटवाने का बहाना बनाकर वह मरका-असोथर यमुना पुल पहुंची और वहां से अपनी 5 वर्षीय बेटी को नदी में फेंक दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला ने राहगीरों के फोन से अपनी मां को कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही। यह सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाव के जरिए बच्ची की तलाश शुरू की गई। वहीं रविवार को सुबह से एसडीआरएफ की 11 सदस्यीय टीम द्वारा किशनपुर गांव तक यमुना नदी में महाजाल और कांटा डालकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन 48 घंटे बीतने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

मरका थाना प्रभारी मिथिलेश सिंह ने बताया कि आरोपित महिला के पति राजू की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित मां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह