सूरजपुर : चार माह के मासूम की हत्या, आरोपित मां गिरफ्तार
सूरजपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। सूरजपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 4 माह के मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने आज उसकी ही मां को गिरफ्तार किया है।
जिला चिकित्सालय में भर्ती 4 माह के शिशु की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के बाद पुलिस ने उसकी माँ को आरोपित मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला चौकी सलका उमेश्वरपुर क्षेत्र के ग्राम जयपुर का है।
जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को जिला चिकित्सालय के सिक्योरिटी गार्ड चंदलाल द्वारा पुलिस सहायता केंद्र में सूचना दी गई थी कि ग्राम जयपुर निवासी 4 माह के हंसराज की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामला जांच के लिए संबंधित चौकी को भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि घटना के दिन बालक के रोने पर उसकी माँ बृन्दावती अत्यधिक क्रोधित हो गई और उसने जानबूझकर बच्चे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद बच्चे को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट के कारण मौत होना पुष्टि हुई।
प्रकरण में पुलिस ने आरोपित बृन्दावती पति सूनसाय प्रजापति, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम जयपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे आज बुधवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सलका उमेश्वरपुर संजय सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

