रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: छह साल से फरार हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल गिरफ्तार
रायपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। हत्या के प्रयास सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित और पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल को रायपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और तकनीकी जांच के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना खमतराई में वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में संजय रक्सेल घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
फरार आरोपितों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। टीम ने आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी माध्यमों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपित की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, संजय रक्सेल थाना मौदहापारा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, चोरी, नकबजनी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

