home page

मुरैना: पत्नी को घर में रूकाया तो चचेरे भाई ने मारी गोली

 | 
मुरैना: पत्नी को घर में रूकाया तो चचेरे भाई ने मारी गोली


मुरैना, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना में चचेरे भाई को अपनी पत्नी का गांव में परिजनों द्वारा रूकवाना नागवार गुजरा। आक्रोशित चचेरे भाई ने सोमवार देर रात अपने भाई में ही गोली मार दी। परिजन घायल को लेकर कैलारस चिकित्सालय में पहुंचे।

प्राथमिक चिकित्सा के पश्चात घायल को मुरैना लाया गया, लेकिन गोली पीठ में फसी होने के कारण घायल की हालत को गंभीर माना गया। उसे तत्काल ग्वालियर चिकित्सालय ले जाया गया। यहां घायल की स्थिति स्थिर बनी हुई है। बीती रात लगभग 12 बजे यह घटना जिला के चिन्नोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुर्रापुरा गांव में हुई। ग्रामीण दिलीप शर्मा अपने घर के बाहर खटिया पर सो रहा था।

रात में उसके चचेरे भाई सतीश शर्मा ने आकर पीठ में गोली मार दी। यह गोली शरीर में ही फसी रह गई। घायल दिलीप द्वारा चीख-पुकार कर परिजनों को बुलाया। घटना को अंजाम देकर सतीश भाग खड़ा हुआ। घायल दिलीप का परिजनों द्वारा कैलारस चिकित्सालय में प्राथमिक इलाज कराया गया। भाई पर गोली चलाने वाला चचेरा भाई सतीश शर्मा अपने परिजनों से नाराज था। आरोपी सतीश का अपनी पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है।

सतीश की पत्नी शासकीय विभाग में कार्यरत है। वह राशन लेने के लिये जब भी गांव आती है, तब वह दिलीप व अन्य परिजनों के घर ही रूकती है। इससे आरोपी सतीश नाराज रहता है। उसने दिलीप सहित सभी परिजनों के समक्ष नाराजग़ी व्यक्त करते हुये चेतावनी भी दी थी कि उसकी पत्नी को घर में न रूकाया जाये। गोली चलने की सूचना मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस ने मौके का भी मुआयना कर लिया है। घायल से जानकारी के लिए पुलिस अधिकारी ग्वालियर तक पहुंच गये हैं। दिलीप की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर सतीश की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा