मनी ट्रांसफर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के साथ हथियार के बलपर लूट
नोएडा, 09 अप्रैल (हि.स.)। नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के चक शाहबेरी गांव के पास बीती रात बुधवार को एक मनी ट्रांसफर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के साथ तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर मारपीट कर लूटपाट किया। पीड़ित के अनुसार बदमाश साढ़े तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट ले गए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने गुरुवार को बताया कि हरेंद्र नामक व्यक्ति चक साहबेरी गांव में मनी ट्रांसफर की दुकान चलाते हैं। बुधवार की देर रात को वह अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर उनका बैग छीन लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार उनके बैग में साढ़े तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन आदि रखा हुआ था।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की 4 टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

