अनूपपुर: अस्पताल परिसर में खड़ी बाइक की डिक्की से 50 हजार रुपये चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अनूपपुर, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े मोटरसाइकिल की डिक्की से 50 हजार रुपये चोरी हो गये। घटना बिजुरी अस्पताल परिसर में हुई, जहां खड़ी बाइक की डिक्की तोड़कर अज्ञात चोर नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत कोठी के पाकरिहा निवासी रामबहोर साहू, 54 वर्ष रविवार को अपनी बहू की डिलीवरी के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वे बिजुरी स्थित सेंट्रल बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर लौटे। इस दौरान उन्होंने काली मंदिर मार्ग स्थित एक किराना दुकान से सामान खरीद कर अस्पताल पहुंचे।
पीड़ित ने अस्पताल परिसर में डॉ. मनोज सिंह के शासकीय आवास के सामने अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल खड़ी की थी। दोपहर में अज्ञात व्यक्ति ने बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। चोरी गई राशि 500-500 रुपये के नोटों के बंडल में रखी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित ने बिजुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था और सिर पर टोपी पहन रखी थी।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई है। कुछ दिनों पूर्व ही वार्ड क्रमांक 6 निवासी महिला जो की मॉर्निंग वॉक करने गई हुई थी तभी बाइक सवारों ने उसके गले से सोने की चैन छीन करके फरार हो गए थे। इस मामले में अभी तक पुलिस आरोपियों की तलाश भी पूरी नहीं कर पाई थी वहीं गाड़ी की डिक्की से रुपए चोरी का एक नया मामला सामने आ गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

