यमुनानगर:घर में घुसकर महिला से दुर्व्यवहार का आरोप, चार के खिलाफ मामला दर्ज
यमुनानगर, 15 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के रादौर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के साथ कथित तौर पर घर में घुसकर दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला पुलिस थाना में दर्ज कराई शिकायत में 58 वर्षीय महिला ने बताया कि 22 फरवरी की शाम वह अपने घर पर अकेली थी।
इसी दौरान गांव के ही सचिन कुमार, करण सिंह, कंवर सिंह और हुकम चंद कथित रूप से उसके घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे अपमानित करने का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और अपशब्द कहे। इस दौरान उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। महिला ने बताया कि उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से निकल गए, लेकिन जाते समय भी उसे धमकाते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच की और आरोपों के आधार पर चारों व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

