मोहपाल सरपंच हत्याकांड में शिक्षक सहित दो और गिरफ्तार, आरोपितों की संख्या नौ हुई
कोंडागांव , 06 अक्टूबर (हि.स.)। कोंडागांव जिले के थाना बड़ेडोंगर में दर्ज अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत मोहपाल सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड में पुलिस ने शिक्षक सहित दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरगराम नेताम (39 वर्ष ) और बावन राम नेताम (54 वर्ष ) के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को 15 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सरगराम नेताम मोहपाल गौरीपदर की प्राथमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। वहीं बावन राम नेताम मोहपाल गोंरीपदर पारा का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए बयानों, उपलब्ध तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और गिरफ्तारी उपरांत दोनों आरोपितों को 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। दो नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में पकड़े गए आरोपितों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
गौरतलब है कि 30 सितंबर की सुबह सरपंच मंगल सिंह मरकाम घायल अवस्था में जंगल किनारे मिले थे, उनके सिर पर चोट के निशान थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। न्यायालयीन दस्तावेजों में हत्या की पूर्व योजना और आरोपितों के बीच बातचीत से जुड़े तथ्यों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की सूचना मिलने पर सभी आरोपित पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचने पर आरोपितों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद आरोपितों ने थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड और डंडे से सरपंच के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद सरपंच की मौत हो गई।
पुलिस की जांच के दौरान आरोपित मिट्ठू राम नेताम से पूछ-ताछ में सरपंच मंगल सिंह मरकाम के आरोपित परिवार की एक महिला से कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने इससे पहले सात आरोपितों मिट्ठू राम नेताम (45वर्ष ), श्रवण कुमार नेताम (20वर्ष ), अमित कुमार नेताम (20वर्ष ), लखन नेताम (25वर्ष ), नब्बू वट्टी (28वर्ष ), राकेश मंडावी (21वर्ष ) और प्रभु लाल नेताम (20वर्ष ) को 01 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था। आज मंगलवार काे शिक्षक सरगराम नेताम और बावन राम नेताम की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

