दुकानों में चोरी करने वाला एमपी निवासी शातिर चोर गिरफ्तार
10 लाख के 31 मोबाइल व नकदी बरामद
बांदा, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने शहर में विभिन्न स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का शनिवार को खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 31 मोबाइल फोन, ईयरबड, एसबीआई के चेक और नकद रुपये बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि बीती 4/5 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोर ने कोतवाली नगर क्षेत्र के ज्योति नगर स्थित संतोष विश्वकर्मा की मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात कर फ्रार हो गए थे। इसी रात बिजली खेड़ा में दिनेश कुमार प्रजापति की लोहे और सरिया की दुकान में भी चोरी की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था।
पुलिस जांच में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर आरोपित की पहचान कर ली गई। इसके बाद सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने छोटा बाईपास के पास से राजू उर्फ पिट्टू (पिट्टी) पुत्र रामकिशोर निवासी चांदी पट्टी थाना अजयगढ़, जनपद पन्ना (मध्य प्रदेश) को आज गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने दोनों दुकानों में चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये कीमत के 31 मोबाइल फोन, ईयरबड, एसबीआई चेक और नकद रुपये बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित इससे पूर्व 8 मार्च 2025 को उसने कोतवाली नगर क्षेत्र में नरैनी रोड स्थित केसीनाइटी के पास एक फार्म हाउस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

