मोबाइल चुराने के बाद बदमाश ने यूपीआई से 2.98 लाख रुपये निकाले
पीडि़त ने साइबर पोर्टल पर दी शिकायत, नागौरी गेट पुलिस ने दर्ज किया मामला
जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। शहर के नागौरी गेट थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के बाद यूपीआई के माध्यम से बैंक खाते से करीब 2 लाख 98 हजार 136 रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पीडि़त ने घटना को लेकर पहले साइबर पोर्टल पर शिकायत दी थी, जिस पर अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जांच की जा रही है।
थानाधिकारी सुरेश सोनी ने बताया कि नागौरी गेट के अंदर गोपाल भवन निवासी रौनक अरोड़ा पुत्र द्वारकादास अरोड़ा की तरफ से मामला दर्ज कराया गया। इसमें बताया कि 7 नवंबर को रात करीब 8.30 बजे जोधपुर में उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। मोबाइल में उनका नंबर चालू था, जो उनकी माताजी के बैंक खाते और यूपीआई सेवाओं से जुड़ा हुआ था।
मोबाइल चोरी होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका गलत इस्तेमाल करते हुए बिना अनुमति यूपीआई के जरिए बैंक खाते से रकम निकाल ली। पीडि़त के अनुसार बैंक खाते और उपलब्ध ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड में करीब तीन लाख रुपये की निकासी सामने आई। एफआईआर में चोरी हुई राशि 2,98,136 रुपये बताई गई है।
थानाधिकारी सोनी ने बताया कि साइबर पोर्टल पर शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस में मामला भेजा गया। अब केस दर्ज किया गया है। अग्रिम जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

