home page

नाहन में मासूम को उलझाकर मोबाइल उड़ा ले गया शातिर चोर, वारदात सीसीटीवी में कैद

 | 

नाहन, 25 मई (हि.स.)।जिला मुख्यालय नाहन के अमरपुर मोहल्ला (वार्ड नंबर 4) से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर चोर ने दुकान पर बैठे एक मासूम बच्चे की व्यस्तता का फायदा उठाकर काउंटर पर रखा मोबाइल फोन पार कर दिया। घटना के संबंध में गुन्नूघाट पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 15 मई को अमरपुर मोहल्ला में स्थित एक दुकान पर एक छोटा बच्चा अकेला बैठा था। उसके पिता किसी निजी काम से पास ही के नए बाजार गए हुए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर ग्राहक बनकर आया। उसने बच्चे से अंडे देने को कहा। मासूम बच्चा जैसे ही अंडे लेने के लिए पीछे की तरफ मुड़ा, शातिर व्यक्ति ने काउंटर पर रखा मोबाइल फोन उठाया और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गया। जब तक बच्चे को कुछ समझ आता, आरोपी काफी दूर निकल चुका था।

वारदात के बाद पीड़ित परिवार द्वारा तुरंत इसकी सूचना गुन्नूघाट पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं, जिसमें आरोपी की शक्ल और हुलिया साफ नजर आ रहा है।

इसके साथ ही पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के तौर पर सीडीआर और मोबाइल टावर के डंप डेटा को भी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपी को जल्द ही ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर