संतोषी नगर में मोबाइल स्नेचिंग करने वाला आरोपित गिरफ्तार, 80 हजार का माल जब्त
रायपुर, 25 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में मोबाइल स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये है। वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद फारूख चांगल ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे। इस दौरान वह अपने व्यवसाय के संबंध में मोबाइल पर ऑडियो सुनने के लिए फोन कान के पास लगाए हुए थे। तभी संतोषी नगर मेन रोड स्थित अनंत ज्वेलर्स के सामने स्कूटी सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 948/26 के तहत धारा 304 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पीड़ित और उसकी पत्नी से पूछताछ कर आरोपितों की पतासाजी की गई।
जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर शेख तौहीद (20), निवासी बैद्यनाथ पारा, थाना कोतवाली, रायपुर को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन और एक्टिवा जब्त कर ली है। मामले में फरार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

