मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी, पुलिस कर रही जांच
औरैया, 04 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल कस्बे में रविवार रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। यह वारदात पुराने मुगल रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास हुई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हरपालपुर निवासी ज्ञान सिंह पुत्र यदुनाथ सिंह ने आर्यनगर मोहल्ले में किराए पर दुकान लेकर मोबाइल, एसेसरीज और रिपेयरिंग का कार्य शुरू किया था।
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर आंशिक रूप से खुला देखा और इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंचे ज्ञान सिंह ने देखा कि दुकान के ताले कटे हुए थे और अंदर रखा नया मोबाइल स्टॉक, एसेसरीज सहित लाखों रुपये का सामान गायब था। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। कोतवाली पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर बिजली से चलने वाली कटर मशीन लेकर आए थे। उन्होंने पास के मीटर से बिजली कनेक्शन जोड़कर ताले काटे, जिससे यह वारदात पेशेवर तरीके से अंजाम दी गई प्रतीत होती है। गौरतलब है कि घटनास्थल के पास बैंक और अन्य संस्थान मौजूद हैं, जहां रात में पुलिस गश्त और पिकेट ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

