home page

मोबाइल ठीक कराने गई नाबालिग की निजी तस्वीरों से ब्लैकमेल करने का आरोप, दो दुकानदार गिरफ्तार

 | 
मोबाइल ठीक कराने गई नाबालिग की निजी तस्वीरों से ब्लैकमेल करने का आरोप, दो दुकानदार गिरफ्तार


सुपौल, 04 नवंबर (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल ठीक कराने गई एक नाबालिग की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर नाबालिग से पैसे की मांग की गई। साथ ही बहाने से बुलाकर शारीरिक शोषण करने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के तहत दो मोबाइल दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामला 3 फरवरी 2026 का है। नाबालिग अपना खराब मोबाइल फोन ठीक कराने सिमराही बाजार स्थित एक दुकान पर गई थी। आरोप है कि मोबाइल मरम्मत के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए गए। इसके बाद तस्वीरें और वीडियो परिजनों को भेजने तथा इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। पीड़िता से पैसे की मांग करने और शिकायत करने पर परेशान करने की धमकी देने का भी आरोप है।

पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे बहाने से एक स्थान पर बुलाया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसके बाद भी निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे चुप रहने का दबाव बनाया जाता रहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह मानसिक तनाव में थी। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा और अनुसंधान के दौरान मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिमराही वार्ड संख्या-8 निवासी 33 वर्षीय मो. जमीर हासमी और भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर वार्ड संख्या-12 निवासी 33 वर्षीय विकास कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों को मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में चिह्नित किया गया था।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। वहीं, एसआई विकास चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में पोक्सो अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र