रायपुर : मोबाइल हैक कर 3.94 लाख की साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजकर फोन हैक करने और बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय साइबर ठगों को रायपुर पुलिस ने झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपित झारखंड के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और दो हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। मामले में थाना डीडी नगर में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।
गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंचनगंगा फेस-2, डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई मैसेज आए। मैसेज खोलने के बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख 94 हजार रुपये निकाल लिए गए। जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने फर्जी मैसेज के जरिए मोबाइल हैक कर वारदात को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली।
पुलिस टीम ने बोकारो पहुंचकर लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विशाल कुमार सिंह (26) निवासी कटका, थाना बालीडीह और महेश प्रसाद सिंह (34) निवासी बांधडीह, थाना जरीडीह, जिला बोकारो को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और दो हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के नेटवर्क और देशभर में की गई अन्य साइबर ठगी की घटनाओं का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि, मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही आरोपितों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया आईडी का तकनीकी विश्लेषण कर पूरे साइबर गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

