विधायक साबित्री बर्मन का फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक, क्यूआर कोड से ठगी की कोशिश
कूचबिहार, 10 जुलाई (हि. स.)। राज्य में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे है।राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन के बाद अब शीतलकुची की भाजपा विधायक साबित्री बर्मन भी साइबर ठगी का शिकार हो गई है। उनका निजी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया। शुक्रवार को यह मामला प्रकाश में आने से इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोप है कि गुरुवार को हैकरों ने उनके अकाउंट से परिचित लोगों को क्यूआर कोड भेजकर पैसे की मांग शुरू कर दी।
शुक्रवार को जानकारी देते हुए विधायक साबित्री बर्मन ने बताया कि उनके कई परिचितों को उनके नाम से मैसेज भेजकर आर्थिक मदद मांगी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने माथाभांगा थाने के साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ठगी के तरीकों में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां फर्जी प्रोफाइल बनाकर धोखाधड़ी की जाती थी, अब सीधे असली मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे लोगों के झांसे में आने की संभावना अधिक बढ़ जाती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में ठग खासतौर पर वीआईपी और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाते है, ताकि उनके प्रभाव का इस्तेमाल कर जल्दी पैसे वसूले जा सकें।
कूचबिहार जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी परिचित के नाम से पैसे मांगने पर बिना पुष्टि किए कोई भी रकम न भेजें। पुलिस की विशेष साइबर शाखा मामले की जांच में जुट गई है। साइबर फॉरेंसिक के जरिए आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

