11 दिन से लापता किशोर के साथ अनहोनी की आशंका, महानंदा नदी में तलाश तेज
किशनगंज, 31 मई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के सफा नगर से 11 दिन पहले लापता हुए 17 वर्षीय किशोर मोहम्मद कैसर आलम के मामले में नया मोड़ सामने आया है।
पुलिस जांच के दौरान किशोर के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि पुलिस भी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, लहरा फुलवाड़ी निवासी मोहम्मद कैसर आलम 20 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने 23 मई को सदर थाना में अपहरण एवं गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राथमिकी में बताया गया कि 20 मई की रात भोजन करने के बाद कैसर घर पर ही था। देर रात करीब दो बजे उसके मोबाइल पर लगातार फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। परिजनों ने भी तीन युवकों पर किशोर को गायब करने का आरोप लगाया है।
हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान एक युवक ने पुलिस को ऐसी जानकारी दी है, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है। पुलिस ने लापता किशोर की तलाश तेज करते हुए महानंदा नदी के आसपास संभावित स्थानों पर खोज अभियान शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि मोहम्मद कैसर आलम वेल्डिंग का काम करता था और परिवार के साथ रहता था। प्रभारी सदर थानाध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं परिजन किशोर की सकुशल बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

