लापता युवक का शव संतो बाबा धाम के समीप गड्ढे में मिला, परिजनों में मचा कोहराम
सुपौल, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर पंचायत के जीवछपुर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब संतो बाबा धाम परिसर के समीप एक पानी भरे गड्ढे से 18 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृत युवक की पहचान महेशपुर पंचायत के जीवछपुर वार्ड नंबर-4 निवासी स्वर्गीय छेदन पासवान के 18 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार पासवान के रूप में हुई है।बताया जाता है कि संतोष कुमार गुरुवार की शाम करीब चार बजे चाय पीने के बाद घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों एवं ग्रामीणों ने देर रात तक आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की, लेकिन संतोष का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रातभर भी उसकी तलाश जारी रही।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जीवछपुर स्थित संतो बाबा धाम परिसर के समीप एक गड्ढे में युवक का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान संतोष कुमार के रूप में की। शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। प्रथम दृष्टया बताया जा रहा है कि पानी भरे गड्ढे में डूबने से युवक की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि संतो बाबा धाम के समीप से युवक का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

