शिमला में 37 वर्षीय महिला लापता, तलाश में जुटी पुलिस
शिमला, 27 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला शनिवार रात घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदा महिला की तलाश शुरू कर दी है और संभावित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार खेमराज पुत्र नोखराम निवासी गांव पीपलूघाट तहसील सुन्नी ने रविवार को अपनी बहन मीरा देवी पत्नी तिलक राज निवासी गांव साल तहसील सुन्नी के लापता होने की सूचना दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि मीरा देवी पिछले करीब दो से तीन वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका उपचार इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में चल रहा है।
शिकायत के अनुसार मीरा देवी 25 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि महिला की तलाश के लिए मुख्य आरक्षी हेम प्रकाश की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया है। टीम संभावित सभी स्थानों पर तलाश कर रही है। साथ ही महिला के संभावित आवाजाही वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश लगातार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

