home page

बारात में शामिल छह दिनों से लापता युवक का सारण में मिला शव

 | 
बारात में शामिल छह दिनों से लापता युवक का सारण में मिला शव


सीवान, 06 मई (हि.स.)। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र से एक बारात में शामिल युवक के लापता होने के छह दिन बाद मंगलवार की शाम उसका शव सारण जिले में मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक महाराष्ट्र के सांगली जिला अंतर्गत आरपाड़ी थाना क्षेत्र के गोरडवाड़ी गांव निवासी तुकाराम के 25 वर्षीय पुत्र राहुल तुकाराम कोलेकर है।

बताया जाता है कि राहुल कोलेकर पिछले करीब दो वर्षों से महाराजगंज बाजार के काजी बाजार स्थित आनंद भवन मार्केट में सोना-चांदी के गलाई-पकाई का काम करता था। 29 अप्रैल को वह पुरानी बाजार निवासी सत्यप्रकाश सोनार की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए नखास चौक स्थित मां सर्राफा गेस्ट हाउस गया था, जहां वह देर रात करीब 3 बजे तक मौजूद था। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया।

मृतक के भाई बंडू तुकाराम कोलेकर ने 4 मई को महाराजगंज थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राहुल का मोबाइल फोन बंद था और उसकी मोटरसाइकिल भी गायब थी। साथ ही 30 अप्रैल से उसकी दुकान भी बंद पाई गई थी, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।

इसी बीच तीन दिन पूर्व सारण जिला के रसूलपुर थाना क्षेत्र के बाल नवादा गांव के चवर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान राहुल कोलेकर के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही महाराजगंज क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

मामले को लेकर महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन ने बताया कि शव बरामद होने के बाद परिजनों द्वारा पहचान कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने जल्द ही मामले के उद्भेदन का दावा किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma