राजगढ़ः तीन नाबालिग किशोरियां लापता, अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज
राजगढ़, 07 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ, कुरावर और नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्रों से तीन नाबालिग किशोरियाँ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को तीनों मामलों में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पहला मामला कालीपीठ थाना क्षेत्र का है, जहाँ 15 वर्षीय किशोरी सोमवार रात बिना बताए घर से निकल गई। परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया है।
दूसरी घटना नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र की है। यहां 16 साल 2 माह की बालिका शाम के समय घर से बाहर निकली और वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर परिजनों ने शक जताया कि कोई उसे बहला-फुसलाकर ले गया है।
तीसरा मामला कुरावर थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां 17 साल 8 माह की किशोरी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ धारा 137(2)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही किशोरियों का सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने लोगों से भी किसी तरह की जानकारी मिलने पर सूचित करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

