अनूपपुर: लापता किशोरी को तेलंगाना से किया बरामद, परिजनों को सौपी
अनूपपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने 10 दिन पहले लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी को तेलंगाना राज्य से बरामद कर गुरूवार को परिवार को सौप दिया। साथ ही किशोरी को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने वाले आरोपी गणेश सारथी को भी मौके से गिरफ्तार आरोपी को भी अनूपपुर ले आई।
थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि 19 अप्रैल को 15 वर्षीय किशोरी अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टीम ने परिजनों से पूछताछ और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान किशोरी का पता तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले के थाना सादनगर अंतर्गत फारूख नगर में चला। पुलिस ने वहां से आरोपी 20 वर्षीय गणेश सारथी पुत्र बिहारीलाल सारथी निवासी ग्राम सकरा, अनूपपुर के कब्जे से किशोरी को दस्तयाब किया।
तेलंगाना में कर रहा था मजदूरी
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि ग्राम सकरा का रहने वाला आरोपी गणेश सारथी तेलंगाना में मजदूरी करता है। उसने हाल ही में किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था। पुलिस ने आरोपी गणेश सारथी को गिरफ्तार कर आज ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

