दो दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव
दरभंगा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गौड़ा बौराम थाना क्षेत्र की गोरा मानसिंह पंचायत के रहि टोल में गुरुवार शाम दो दिनों से लापता 16 वर्षीय रोशनी कुमारी का शव गांव के समीप जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। बताया जाता है कि किशोरी दो दिन पूर्व घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। अंततः गुरुवार शाम उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने एक युवक पर प्रेम प्रसंग के बहाने बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग था। शादी और दहेज को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है।
स्थानीय कोतवाल विनोद पासवान ने शव की स्थिति देखते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, गौड़ा बौराम थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने हत्या या आत्महत्या की पुष्टि से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल किशोरी की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

