(अपडेट) सतलुज में मिला एक हफ्ते से लापता पिता का शव, बेटी की तलाश जारी
शिमला, 20 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र से एक सप्ताह से लापता कुलदीप का शव रविवार को सतलुज नदी में बरामद हो गया। कुलदीप अपनी 18 वर्षीय बेटी स्नेहा के साथ 12 सितंबर की शाम पिकअप गाड़ी में घर से निकले थे। इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला था। रविवार को मंडी जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तहत निहरी पुलिस चौकी के डोगरी गांव में सतलुज नदी से कुलदीप का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव मिलने की पुष्टि की है। वहीं, स्नेहा अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।
रात में पत्नी से हुई थी बात, कुछ देर बाद मोबाइल बंद
कुलदीप और स्नेहा के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया था कि दोनों 12 सितंबर की शाम पिकअप गाड़ी में घर से निकले थे। रात करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने अपनी पत्नी सुनीता देवी से फोन पर बात की थी और पन्दोआ पहुंचने की जानकारी दी थी। उसने कुछ समय में घर पहुंचने की बात कही थी और नाश्ता तैयार रखने को कहा था। इसके करीब दस मिनट बाद सुनीता ने दोबारा फोन किया तो कुलदीप का मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसका फोन लगातार बंद रहा। स्नेहा अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर गई थी।
ओगली के पास मिली थी पिकअप, दस्तावेज और चाबियां अंदर थीं
अगले दिन तलाश के दौरान कुलदीप और स्नेहा की पिकअप गाड़ी ओगली गांव के पास सड़क किनारे खड़ी मिली थी। पुलिस की जांच में गाड़ी का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा मिला। गाड़ी के अंदर कुलदीप की चाबियों का गुच्छा, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और स्वेटर मिले थे। स्नेहा का हुड भी पिकअप की पिछली सीट के अंदर मिला था। जानकारी के अनुसार, ओगली पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के बाद कुछ लोगों ने पिकअप को करीब एक किलोमीटर पीछे तलाह गांव के पास देखा था। इसके बाद यही गाड़ी सतलुज नदी के किनारे सड़क पर खड़ी मिली थी। परिजनों की शिकायत पर सुन्नी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सर्च अभियान जारी, स्नेहा की तलाश में जुटी पुलिस
कुलदीप और स्नेहा की तलाश में पुलिस ने ओगली, सुन्नी और तत्तापानी के आसपास सर्च अभियान चलाया था। सतलुज नदी के किनारे भी संभावित स्थानों को खंगाला गया। पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, बैंक खातों, आधार संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। शनिवार को सलापड़ के पास सतलुज नदी में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना भी मिली थी। इसके बाद पुलिस और परिजन वहां पहुंचे थे। अब रविवार को कुलदीप का शव बरामद होने की पुष्टि हुई है। स्थानीय पुलिस ने शव बरामद करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्नेहा का अभी तक पता नहीं चला है और पुलिस उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान जारी रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

