home page

एक महीने से लापता व्यक्ति का पेड़ से लटका मिला शव

 | 
एक महीने से लापता व्यक्ति का पेड़ से लटका मिला शव


शिमला, 24 जून (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में करीब एक महीने से लापता चल रहे 48 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

पुलिस को 23 जून को सूचना मिली थी कि बड़मैन धार के जंगल में एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जंगल के ढांक वाले क्षेत्र में एक देवदार के पेड़ की टहनी से पीली और लाल रंग की रस्सी के सहारे एक शव लटका हुआ मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था।

पुलिस ने मौके पर शव का निरीक्षण किया। रस्सी, कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर आशंका जताई गई कि यह शव प्रेम प्रकाश का हो सकता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 मई 2026 को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज करवाई गई थी। बाद में मृतक के पिता नील चंद, भाई इन्द्र तथा अन्य परिजनों और गांव के लोगों ने शव की पहचान प्रेम प्रकाश पुत्र नील चंद, निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में की।

पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का कहना है कि मौत लगभग एक माह पहले हुई प्रतीत होती है। इसके बाद शव को सुन्नी नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया।

पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने मृतक की मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा