ग्वालियर में लापता किशोरी का झाड़ियों में मिला शव, गले पर चोट के निशान, प्रेमी पर हत्या की आशंका
ग्वालियर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के कंपू थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंसर पहाड़िया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी का शव झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतका के गले पर कसने के निशान पाए गए हैं, जिससे दम घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के नया बाजार स्थित एक साड़ी दुकान में काम करने वाली किशोरी सोमवार रात काम खत्म कर घर लौट रही थी। रात करीब 9:05 बजे उसने अपनी मां से फोन पर बात कर जल्द घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन महज 10 मिनट बाद ही उसका मोबाइल बंद हो गया। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और कंपू थाने में गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस और परिजन रातभर किशोरी की तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे कैंसर पहाड़िया रोड पर राहगीरों ने झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से शव की शिनाख्त कराई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन का कहना है कि किशोरी और महलगांव निवासी ईशान खान के बीच प्रेम प्रसंग था और उन्हें ईशान पर ही इस वारदात को अंजाम देने का पूरा शक है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मामले में कंपू थाना प्रभारी और डीएसपी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिलते ही रात से ही किशोरी की तलाश की जा रही थी। सुबह उसका शव मिला है जिसके गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स समेत तमाम पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

