उज्जैन में हफ्ता वसूली को लेकर बदमाशों ने किया पथराव, तीन घायल,एक गम्भीर
उज्जैन, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नीलगंगा थाना क्षेत्र के मंछामन कॉलोनी क्षेत्र में बन रही सरकारी मल्टी के ठेकेदार से हफ्ता वसूली को लेकर एकता नगर के बदमाशों ने बुधवार को पथराव कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने एक वाहन के कांच भी फोड़ दिए। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि नंदेश्वर पुत्र हरीदास बर्मन निवासी जयपुर राजस्थान मंछामन कॉलोनी क्षेत्र में बन रही सरकारी मल्टी के निर्माण का ठेका लिया है। वह पिछले कई महीनों से यहां पर काम कर रहा है। बुधवार को एकता नगर निवासी कुलदीप बड़े अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मल्टी पर पहुुंचा और नंदेश्वर से अवैध वसूली करने लगा। नंदेश्वर ने जब इसका विरोध किया तो कुलदीप बड़े और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में नंदेश्वर, मेहरबान माली, इशाद शेख घायल हो गए। इस दौरान बदमाशों ने मजदूरों पर पथराव कर दिया। जिसमें यहीं पर काम करने वाले शाकीर पटेल की गाड़ी के कांच फुट गए। घटना के समय मौके पर हडक़ंप मच गया। मारपीट और पथराव का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इस संबंध में नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि नंदेश्वर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

