बदमाशाें ने बस चालक व कंडक्टर के साथ जमकर की मारपीट
जगदलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिरथुम में आमचो बस्तर ढाबा के सामने आज साेमवार काे बदमाशाें ने बीच सड़क पर कृष्णा ट्रेवल्स की बस को जबरन रोककर गंदी और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चालक एवं कंडक्टर के साथ जमकर मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और बस में सवार यात्रियाें में भय व्याप्त हाे गया।
पुलिस ने पीड़ित के द्वारा नामजद रिपोर्ट के बाद मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपिताें मोतीराम गावड़े, मंगलू पोयाम, दिनेश राम गावड़े, सुरेश भास्कर, कुम्मा पोयाम, सुखराम पोयाम, साजन कश्यप और दलसाय गावड़े के विरूद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कर आरोपिताें के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 191 (2) और 126 (2) के तहत मामला कायम करते हुए कार्रवाई की जा रही है।
कोड़ेनार टीआई विजय पटेल ने बताया कि आरोपित इलाके में अपनी दबंगई और खौफ कायम करने के लिए अक्सर ऐसी हरकतों को अंजाम देते रहे हैं। जिसकी शिकायत हमेशा सिर्फ सुनने को मिलती थी। इस बार पीड़ित के द्वारा नामजद रिपोर्ट के बाद आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही बदमाशाें काे पकड़ लिया जयेगा। उन्हाेने बताया कि बदमाशाें का मकसद क्षेत्र में दहशत फैलाना है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

