home page

उज्जैन के नृसिंह घाट पर वृंदावन के व्यक्ति से मारपीट कर मोबाइल-पर्स लूट ले गए बदमाश

 | 
उज्जैन के नृसिंह घाट पर वृंदावन के व्यक्ति से मारपीट कर मोबाइल-पर्स लूट ले गए बदमाश


उज्जैन, 04 सितंबर (हि.स.)। उज्जैन में शुक्रवार तडक़े नृसिंह घाट के पास एक व्यक्ति पर दो अज्ञात बदमाशों ने डंडे से हमला कर मोबाइल और पर्स लूट लिया। गश्त कर रही महाकाल थाना पुलिस को घायल युवक सडक़ किनारे पड़ा मिला तो उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार संतोष पुत्र वाल्मीकि विश्वकर्मा निवासी कैलाश नगर, वृंदावन, उत्तरप्रदेश उज्जैन में पुताई का काम करता है। वह अक्सर रात बिताने के लिए सराय में ठहरता है। गुरूवार रात में खाना खाने के लिए नृसिंह घाट क्षेत्र में गया था। भोजन करने के बाद वह तंबाकू लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और डंडे से हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बाद बदमाश उसकी जेब से मोबाइल और पर्स लेकर भाग निकले। पर्स में करीब 800 रुपये रखे थे। महाकाल थाना पुलिस शुक्रवार तडक़े 4 बजे गश्त करते हुए नृसिंह घाट के समीप पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर सडक़ किनारे घायल पड़े संतोष पर गई। पुलिस उसे तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंची।

आरोपियों की तलाश जारीपुलिस ने संतोष के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैद हुई होंगी। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जाएगी। नृसिंह घाट की ताजा घटना ने मंदिर क्षेत्र और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल