श्री अन्नपूर्णा रसोई का पूरा भुगतान करवाने की एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते एमआईएस मैनेजर गिरफ्तार
जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की झालावाड़ टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए श्री अन्नपूर्णा रसोई का पूरा भुगतान करवाने की एवज में 3 हजार रुपये रिश्वत लेते जिला परिषद झालावाड़ के संविदा कर्मी और एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा को गिरफ्तार किया है।
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादिया नारी शक्ति सीएलएफ के माध्यम से संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई की संचालिका है। रसोई का संचालन पुरानी तहसील, बकानी में किया जा रहा है। आरोप है कि रसोई के निरीक्षण के दौरान एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा ने हर माह 3 हजार रुपए रिश्वत मांगी। राशि नहीं देने पर रसोई का भुगतान कटवाने अथवा बिल पास नहीं करवाने की धमकी देने का आरोप है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर प्रतिदिन 10 फर्जी टोकन काटने और प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच 3 हजार रुपये देने की मांग की थी। परिवादिया ने रिश्वत नहीं देने और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताते हुए एसीबी में शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपित द्वारा रसोई का पूर्ण भुगतान करवाने की एवज में हर माह 3 हजार रुपये रिश्वत मांगना तथा इस माह की राशि उसी दिन देने की मांग करना सत्यापित हुआ। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।
जिस पर एसीबी झालावाड़ चौकी के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने जयराम वर्मा को परिवादिया से तीन हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

