आश्रम की जमीन कब्जा करने और रंगदारी मांगने के आरोप में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी माफी स्थित एक मठ की भूमि पर कब्जाने तथा रंगदारी मांगने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
आश्रम के संरक्षक ब्रह्मविद्या प्रकाशानंद ने आरोप लगाया है कि बीते 4 अप्रैल को कलवारी माफी गांव के पूर्व प्रधान शंकर सिंह सरौतिया, रामबाबू, रामजियावन, महावीर तथा 10 अज्ञात लोग आश्रम पहुंचे। आरोप है कि सभी ने खुद को संगठित गिरोह का सदस्य बताते हुए आश्रम की जमीन पर खेती करने के एवज में 10-10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर खेती न करने देने और आश्रम के लोगों की हत्या करने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपितों ने आश्रम पहुंचकर संतों के साथ गाली-गलौज की। उस समय किसी तरह मामला शांत कराया गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय के आदेश पर मड़िहान पुलिस ने चार नामजद और 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने शनिवार को बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

