home page

किशनगंज में नाबालिग छात्रा का अपहरण, पड़ोसी युवक पर गुजरात ले जाने का आरोप

 | 

किशनगंज, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के फरिंगगोला क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है।

छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर लगाया गया है। मामले को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने बच्ची की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार फरिंगगोला निवासी संजना कुमारी 7 अप्रैल को मध्य विद्यालय टेउसा जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने संजना के मोबाइल की जांच की, जिसमें पता चला कि वह पड़ोस में रहने वाले रंजीत राय से लगातार बातचीत करती थी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि रंजीत राय ने संजना को बहला-फुसलाकर अपने साथ गुजरात ले गया है। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर रंजीत राय के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है।

सदर थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम छात्रा और आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। दोनों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी सहायता ली जा रही है तथा गुजरात पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

इधर, परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। उनका कहना है कि संजना नियमित रूप से स्कूल जाती थी, लेकिन अचानक लापता होने से परिवार चिंतित और भयभीत है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह