home page

जंगल में मवेशी चराने गई नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

 | 
जंगल में मवेशी चराने गई नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार


कोरबा, 02 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के लामपहाड़ गांव में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि, गांव से लगे जंगल में मवेशी चराने गई नाबालिग को एक युवक ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद डरी-सहमी नाबालिग ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर लेमरू थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की और उसे उसके घर से आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार लामपहाड़ गांव की 16 वर्षीय नाबालिग मवेशी चराने के लिए गांव से लगे जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान गांव में रहने वाले 22 वर्षीय युवक मुकेश साहू उर्फ पिंटू की उस पर नजर पड़ी। आरोप है कि सुनसान स्थान का फायदा उठाते हुए युवक ने नाबालिग को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद नाबालिग किसी तरह अपने घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी।

परिजन तत्काल नाबालिग को लेकर लेमरू थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। प्रधान आरक्षक सुदेश तिर्की, आरक्षक धीरज पटेल और कृष्णा कुमार मरावी की टीम ने आरोपित की तलाश करते हुए घेराबंदी की और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुकेश साहू (22) उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उदयपुर का रहने वाला बताया गया है और लेमरू क्षेत्र में राशन दुकान संचालित करता था। पुलिस के अनुसार आरोपित शादीशुदा है। उसकी पत्नी प्रसव के बाद बच्ची के साथ मायके गई हुई थी और इस दौरान आरोपित घर पर अकेला रह रहा था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि, लामपहाड़ गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को मामले में पूरी वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी