अंबिकापुर : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अंबिकापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। घटना 12 अप्रैल 2026 की है, जिसमें आरोपित ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के परिजन द्वारा थाना लखनपुर में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, गोरता निवासी अभिषेक दास ने घर में प्रवेश कर नाबालिग लड़की को प्रेम का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65 (1), 332 और पोक्सो एक्ट की धारा 4 (2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता और परिजनों के बयान दर्ज किए तथा आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपित अभिषेक दास (19 वर्ष), निवासी गोरता, थाना लखनपुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, प्रधान आरक्षक पीताम्बर सिंह, आरक्षक सोहन राजवाड़े, केशर पैकरा सक्रिय रहे।
-
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

