सूरजपुर में नाबालिग ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म, एक की इलाज के दौरान मौत; दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
सूरजपुर, 23 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और उसके बाद जुड़वा बच्चों के जन्म का मामला सामने आया है। नाबालिग को कुछ समय बाद पेट में दर्द की शिकायत हुई थी। अस्पताल में जांच के दौरान उसके गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। जन्म के बाद दोनों की तबीयत खराब होने पर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के कुछ महीने बाद नाबालिग को पेट में दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान चिकित्सकों को उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली।इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जहां उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।
जन्म के बाद दोनों बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें निगरानी में रखा। इसी दौरान एक बच्चे की हालत अधिक गंभीर हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर आरोपित युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। नाबालिग से बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपित को बीते शाम न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस नाबालिग के बयान सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।
सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि, नाबालिग पीड़िता को बहला फुसलाकर आरोपित के द्वारा उससे शारीरिक संबंध बनाया गया था। इसके बाद नाबालिग प्रेगनेंट हो गई थी। पेट में जब दर्द बढ़ा तब उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया। जहां उसने दो जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया, जहां एक बच्ची का तबियत खराब हो गया और इलाज के लिए रायपुर मेकाहारा रेफर कर दिया था। जहां नवजात बच्ची की मौत हो गई थी। डॉक्टरों के द्वारा मेमोरंडम थाना प्रतापपुर में दिया गया था। जिसके आधार पर अपराध पंजीबद्ध किया गया। और मामले में आरोपित को बीते शाम गिरफ्तार कर लिया गया ।
घटना ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

