home page

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस ने दबोचा

 | 
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस ने दबोचा


मृत शिशु को जन्म देने के मामले में कार्रवाई

बांदा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अस्पताल में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा मृत शिशु को जन्म देने के मामले में पैलानी थाना पुलिस ने नामजद आरोपी मंजू उर्फ बंटा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, पैलानी थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी आठ अक्तूबर को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। प्रसव के दौरान उसने मृत नवजात शिशु को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नवजात के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही किशोरी को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

इस मामले में किशोरी के पिता ने पैलानी थाने में तहरीर देकर मंजू उर्फ बंटा निवासी पैलानी थाना क्षेत्र पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने सोमवार को मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह