home page

डिंडौरी: प्रेमी नाबालिग जोड़े ने पहाड़ से कूदकर दी जान

 | 
डिंडौरी: प्रेमी नाबालिग जोड़े ने पहाड़ से कूदकर दी जान


डिंडौरी, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक और उसकी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका ने कल्ले मड़ा पहाड़ से कूदकर आत्महत्या कर ली।

यह घटना विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के छीरपानी और कच्छ टोला के बीच हुई। दोनों के शव दो दिन बाद बुधवार को मिले, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। गुरूवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए डिंडोरी जिला अस्पताल भिजवाया है।

परिजनों के अनुसार, नाबालिग 11 वीं कक्षा की छात्रा थी और रविवार दोपहर को घर से निकली थी। घरवालों को लगा कि वह पास के बाजार गई होगी। शाम तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। वहीं, मृतक युवक राजेंद्र परस्ते के परिजनों ने बताया कि वह भी रविवार को ही घर से निकला था। राजेंद्र परस्ते की शादी पिछले साल हुई थी। वह डिंडोरी में रहकर बिजली फिटिंग का काम करता था और 27 फरवरी को ही अपने गांव आया था।

गुरूवार को विक्रमपुर चौकी पुलिस के प्रभारी संतोष यादव के अनुसार, राजेंद्र और नाबालिग दोनों एक-दूसरे के रिश्तेदार थे और उनके गांव भी पास-पास थे। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक मवेशी चराने वाले ने परिजनों को पहाड़ के नीचे दो शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने विक्रमपुर पुलिस को सूचित किया।

विक्रमपुर पुलिस चौकी प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/पियूष

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा