स्कूटी और माेटरसाइकिल की टक्कर में नाबालिग की माैत, तीन गंभीर
रायपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम सोंठ में एक्टिवा स्कूटी और माेटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान ग्राम आलेखुटा निवासी नाबालिग अमन सिन्हा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी और माेटरसाइकिल के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 112 और एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों की पहचान सामने नहीं आ पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

