home page

नाबालिग के अपहरण मामले में आरोपित गिरफ्तार, बिहार से नागपुर तक पीछा कर पहुंची पुलिस

 | 

सूरजपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग बालिका को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से दस्तयाब कर आज शन‍िवार को परिजनों को सौंप दिया है।

अपहरण का आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने बिहार से उसका पीछा करते हुए हैदराबाद और बेंगलुरु के रास्ते नागपुर तक पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने ओड़गी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर दो पुलिस टीमें गठित की गईं। एक टीम कटनी, मध्यप्रदेश और दूसरी टीम पश्चिम चंपारण, बिहार के लिए रवाना हुई। दोनों स्थानों पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा।

इसके बाद बिहार पहुंची पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार उसका पीछा करते हुए हैदराबाद और बेंगलुरु होते हुए महाराष्ट्र के नागपुर जिले के पाडूरंगा क्षेत्र में पहुंचकर राजू कुमार (24), निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार को पकड़ा। उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर पुलिस टीम वापस सूरजपुर लाई।

बालिका को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष आज पेश करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं मामले में आरोपित राजू कुमार को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा, एएसआई ज्ञानचंद सिंह, प्रधान आरक्षक उदय सिंह, आरक्षक हेमंत सिंह, अनिल एक्का, सतीश गुप्ता, निर्मल राजवाड़े और महिला आरक्षक सुकन्या सिंह सक्रिय रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय