home page

इंस्टाग्राम पर नाबालिग का अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 | 
इंस्टाग्राम पर नाबालिग का अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार


सीवान, 16 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर एक नाबालिग लड़की का अश्लील फोटो वायरल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि 30 जुलाई 2024 को साइबर थाना में एक महिला द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि उसकी नाबालिग पुत्री का अश्लील फोटो मोहम्मद शेर अली एवं जरीना खातून द्वारा इंस्टाग्राम के माध्यम से वायरल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर साइबर थाना में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) एवं 67(बी), भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 14 एवं 15 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि तकनीकी अनुसंधान एवं प्राप्त आसूचना के आधार पर मामले में संलिप्त मोहम्मद शेर अली, पिता सेराजुद्दीन अंसारी, निवासी पतौआ, थाना-दरौली, जिला सीवान को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा विधि के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की गरिमा से जुड़े साइबर अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की सूचना तत्काल साइबर थाना अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

छापेमारी दल पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना आशुतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक देवानंद कुमार एवं साइबर थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma