शादी का झांसा देकर नाबालिग से अनाचार, आरोपित गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा, 06 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अनाचार करने के मामले में जांजगीर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान भुवन साहू निवासी वार्ड क्रमांक 06 खोरसी, थाना शिवरीनारायण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका के अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की रिपोर्ट थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 862/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान कोतवाली पुलिस ने अपहृत बालिका की लगातार पतासाजी की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपित भुवन साहू ने बालिका को शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। मामले की कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, एएसआई अरुण सिंह, मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह एवं आरक्षक दिलीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

