सोते समय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म, रिश्ते के चाचा पर मुकदमा दर्ज
बांदा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप परिवार के रिश्ते के एक युवक पर है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, किशोरी के दादा की तबीयत खराब थी। पांच अक्टूबर को उसके पिता इलाज के सिलसिले में लखनऊ गए थे। घर पर परिवार का रिश्ते का युवक भी मौजूद था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे किशोरी के सो जाने के बाद युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया।
छह अक्टूबर को पिता के लखनऊ से वापस लौटने पर किशोरी की मां ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद सात अक्टूबर को मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बुधवार को पल्हरी निवासी सुरेश रैदास पुत्र श्रीपाल रैदास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। किशोरी के बयान समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवेचक उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि गुरुवार को पीड़िता के बयान दर्ज करायें जायेगें। आरोपी को पकड़ने लिए दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

